17 नवंबर से परिषदीय विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा, 16 नवंबर को होगी शिक्षक संकुल बैठक; जारी हुआ आदेश

UP School News: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षा को देखते हुए शिक्षक संकुल बैठकों के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार आगामी 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में परीक्षा की तैयारियों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों और निपुण लक्ष्य की प्रगति पर भी चर्चा होगी।
16 नवंबर को दोपहर 1 से 3 बजे तक होगी बैठक
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, लखनऊ की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि 17 से 21 नवंबर 2026 की अवधि में अर्धवार्षिक परीक्षा के दृष्टिगत शिक्षक संकुल बैठक का आयोजन किया जाना है।
निर्देश के अनुसार 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को अपराह्न 1:00 बजे से 3:00 बजे तक विद्यालय समयावधि में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक संलग्न एजेंडा के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की बैठक अलग-अलग होगी
जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि एजेंडा आधारित शिक्षक संकुल बैठकें प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए अलग-अलग आयोजित की जाएंगी। बैठक से पहले शिक्षक संकुल द्वारा एजेंडा के बिंदुओं का आपस में विभाजन कर आवश्यक तैयारी की जाएगी, ताकि बैठक का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके।
बैठक में शिक्षकों की रोटेशन के आधार पर प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे विद्यालय का संचालन सुचारु रूप से चलता रहे।
शिक्षक संकुल बैठक के लिए जारी प्रमुख निर्देश
- बैठक का आयोजन निर्धारित समय पर किया जाएगा और इसमें शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों को ध्यान में रखा जाएगा।
- प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की बैठकें अलग-अलग आयोजित की जाएंगी।
- बैठक से पहले एजेंडा के बिंदुओं का आपस में विभाजन कर आवश्यक तैयारी की जाएगी।
- शिक्षकों की रोटेशन के आधार पर प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे विद्यालय संचालन प्रभावित न हो।
- पीयर लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए शिक्षक संकुल की बैठकें प्रत्येक माह अलग-अलग विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी।
- राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा विद्यालय प्रार्थना सभा के लिए विकसित की गई 13 प्रार्थनाओं के संबंध में चर्चा की जाएगी।
- प्राचार्य, डायट, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), डायट मेंटर, एसआरजी एवं एआरपी द्वारा अनिवार्य रूप से किसी एक शिक्षक संकुल बैठक में प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शिक्षकों को निपुण लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
- बैठक समाप्त होने के बाद सभी शिक्षक संकुल द्वारा प्रेरणा ऐप पर दिए गए डीसीएफ में बैठक आयोजन से संबंधित सूचना अवश्य भरी जाएगी।
13 प्रार्थनाओं पर भी होगी चर्चा
इस बैठक में विद्यालय की प्रार्थना सभा को प्रभावी बनाने के लिए राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान द्वारा विकसित 13 प्रार्थनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षकों के बीच नवाचारी शिक्षण पद्धतियों के आदान-प्रदान, समस्या समाधान और निपुण लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना: 17 नवंबर से शुरू होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षा को देखते हुए 16 नवंबर को आयोजित होने वाली शिक्षक संकुल बैठक में संबंधित शिक्षक निर्धारित समय पर प्रतिभाग करें। बैठक का आयोजन जारी निर्देशों एवं संलग्न एजेंडा के अनुसार किया जाएगा।
