सरकारी स्कूल की शिक्षिका निलंबित, पोर्टल पर 100 से अधिक बच्चों की उपस्थिति, जांच में मिले महज 8-9 बच्चे
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में विद्यालय संचालन और बच्चों की उपस्थिति को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। पीलीभीत जिले में जांच के दौरान विद्यालय की वास्तविक स्थिति और पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति में अंतर पाए जाने के बाद एक शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है जारी निलंबन आदेश में शिक्षिका पर विद्यालय में निर्धारित समय से पहले छुट्टी करने, बच्चों की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन (MDM) से संबंधित अभिलेखों में अनियमितता सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पोर्टल पर 100 से अधिक बच्चे, जांच में मिले केवल 8-9 बच्चे
मामला पीलीभीत जनपद के विकास क्षेत्र पूरनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय टांडा छत्रपति का है। जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय की उपस्थिति और वास्तविक स्थिति को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों की जांच के दौरान विद्यालय में बच्चों की संख्या और पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति में अंतर सामने आया जांच में पोर्टल पर 100 से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद मौके पर केवल 8-9 बच्चे ही पाए जाने की बात सामने आई। इस स्थिति को गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित शिक्षिका से जवाब-तलब किया गया।
समय से पहले विद्यालय बंद करने समेत कई आरोप

निलंबन आदेश में शिक्षिका डॉली शर्मा पर कई अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। इनमें विद्यालय को निर्धारित समय से पहले बंद करना, कभी-कभी समय से पहले छुट्टी देना तथा विद्यालय की व्यवस्था में लापरवाही शामिल है इसके अलावा मध्याह्न भोजन (MDM) योजना से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने और योजना के अभिलेखों में अनियमितता के आरोप भी दर्ज हैं। जांच के दौरान विद्यालय में पुरानी सत्र की किताबें मिलने का भी उल्लेख किया गया है आदेश में यह भी कहा गया है कि विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और विभागीय निर्देशों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।
जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई
जारी आदेश के अनुसार, शिकायतों की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, अभिभावक और अन्य सदस्यों की समिति गठित की गई थी। संबंधित शिक्षिका को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया। इसके बाद जांच समिति की रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षिका को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने का उल्लेख आदेश में किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच के लिए बीसलपुर के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
विभागीय जांच में सामने आएंगे अन्य तथ्य
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पीलीभीत की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अब विभागीय जांच के दौरान शिक्षिका के विरुद्ध लगाए गए आरोपों और उनके पक्ष में प्रस्तुत साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी।इस मामले ने एक बार फिर विद्यालयों में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति, ऑनलाइन उपस्थिति और मध्याह्न भोजन योजना के अभिलेखों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।

