यूपी में नौकरियों की नहीं है कमी! CM योगी का बड़ा बयान, साढ़े नौ साल में पौने 10 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रोजगार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरियों की कोई कमी नहीं है। युवाओं को लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोरखपुर के चंपादेवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने स्वयं 23 विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान किए।
सरकारी विभागों में लगातार हो रही भर्तियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में युवाओं को रोजगार देने का काम लगातार किया जा रहा है। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 8 हजार लेखपाल, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सरकार का प्रयास है कि योग्य अभ्यर्थियों को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर मिलें।
26 जनवरी तक जारी रहेगा नियुक्ति पत्र वितरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नियुक्तियों का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। 26 जनवरी तक हर पांच से सात दिन के अंतराल पर युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब परीक्षाओं में प्रतिभा के आधार पर अभ्यर्थियों का तेजी से चयन हो रहा है। युवाओं को बिना अनावश्यक देरी के नियुक्ति देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
टैबलेट को बताया चलता-फिरता विश्वविद्यालय
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को टैबलेट के सही उपयोग की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं टैबलेट का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए न करें, बल्कि इसका उपयोग पढ़ाई, नई जानकारी प्राप्त करने और अपने कौशल को विकसित करने में करें।
मुख्यमंत्री ने टैबलेट को चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताते हुए कहा कि इसमें 18 हजार निःशुल्क कोर्स उपलब्ध हैं। इनकी मदद से विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ भविष्य के रोजगार के लिए भी जरूरी कौशल विकसित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक कर देने वाली घटना भी सामने आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित कर रहे थे, उसी समय उन्हें अपनी मां के निधन की सूचना मिली। इस दुखद समाचार से मुख्यमंत्री व्यथित हुए, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम को जारी रखा और विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने के बाद वहां से रवाना हुए।
