छठी कक्षा की दो छात्राओं में मारपीट, गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय मिस्टी की मौत
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के नयागांव उर्फ हमीदाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय में दो छात्राओं के बीच हुई मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल हुई कक्षा छह की 10 वर्षीय छात्रा मिस्टी की उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब 14 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार को मेरठ के एक निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
28 अक्टूबर को स्कूल में हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी पवन की 10 वर्षीय बेटी मिस्टी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती थी। 28 अक्टूबर को वह रोजाना की तरह स्कूल गई थी। इसी दौरान स्कूल में उसकी एक अन्य छात्रा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया गया है कि कहासुनी के बाद दोनों छात्राओं के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान मिस्टी जमीन पर गिर गई। परिजनों का आरोप है कि दूसरी छात्रा ने उसके पेट और सीने पर लात मारी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई घटना
स्कूल की छुट्टी के बाद जब मिस्टी घर पहुंची तो उसने अपने परिजनों को स्कूल में हुई मारपीट के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोग उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां करीब 14 दिनों तक उसका उपचार चलता रहा। परिवार को उम्मीद थी कि बच्ची स्वस्थ होकर घर लौट आएगी, लेकिन बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटी की मौत से परिवार में मचा कोहराम
मिस्टी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने दूसरी छात्रा पर मारपीट के दौरान पेट और सीने में लात मारने का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल के अनुसार, छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस दुखद घटना में सबसे महत्वपूर्ण पोस्टमार्टम रिपोर्ट है। परिजनों के आरोपों और स्कूल में हुई घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
